अमेरिका: शादी के कुछ घंटों बाद हेलीकॉप्टर क्रैश में भारतीय मूल के पायलट की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

अटलांटा (अमेरिका)। जॉर्जिया स्टेट में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां शादी के कुछ ही घंटों बाद भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी जेस्नी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय डेव फिजी अटलांटा में रहते थे और डेल्टा एयरलाइंस में कमर्शियल पायलट के रूप में कार्यरत थे। उनका परिवार केरल के एर्नाकुलम जिले के मुवट्टुपुझा से ताल्लुक रखता है, जबकि उनकी पत्नी का परिवार अलप्पुझा से जुड़ा है।

30 मई को दोनों की शादी जॉर्जिया के डॉसनविले स्थित वेडिंग वेन्यू ‘द रिवियर’ में धूमधाम से हुई थी, जिसके बाद रिसेप्शन खत्म होने पर दोनों हेलीकॉप्टर से होटल जाने के लिए निकले थे।

बताया जा रहा है कि उड़ान से पहले मौसम अचानक खराब हो गया और क्षेत्र में घना कोहरा व बारिश शुरू हो गई, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। इसके बावजूद हेलीकॉप्टर ने टेकऑफ किया और कुछ ही देर बाद रॉबिन्सन R66 हेलीकॉप्टर डॉसन काउंटी के जंगल और पहाड़ी इलाके में क्रैश हो गया।

हादसे में पायलट समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुल्हन जेस्नी मलबे में घंटों फंसी रहीं। स्थानीय रेस्क्यू टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में 5 से 6 घंटे का समय लगा।

परिवार के अनुसार, जेस्नी खुद एक नर्स हैं और उन्होंने होश में आने पर अपने पति की स्थिति देखी। डेव के पिता ने बेटे को “भगवान का तोहफा” बताया और कहा कि यह घटना पूरे परिवार के लिए असहनीय सदमा है।

अमेरिकी नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक रिपोर्ट जल्द आने की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *