कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अपने दो विधायकों संदीपन साहा और रिताब्रता बनर्जी को प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पार्टी के विधायकों की संख्या 80 से घटकर 78 रह गई है।
पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप
पार्टी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि दोनों विधायकों को बैठकों से लगातार अनुपस्थित रहने और पार्टी हितों के खिलाफ बयान देने के कारण निष्कासित किया गया है। TMC ने इसे अनुशासनहीनता का गंभीर मामला बताया है।
‘फर्जी सिग्नेचर’ विवाद से जुड़ा मामला
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में विधानसभा से जुड़े एक प्रस्ताव पर कथित ‘फर्जी सिग्नेचर’ को लेकर विवाद सामने आया था, जिसके बाद पार्टी में अंदरूनी तनाव बढ़ गया। इसी मामले में दोनों विधायकों पर शिकायत दर्ज कराने की भी बात सामने आई थी।
विधानसभा स्पीकर को भेजा गया पत्र
TMC ने दोनों विधायकों के निष्कासन की जानकारी विधानसभा स्पीकर को भी भेज दी है। हालांकि वे अब भी विधानसभा के सदस्य बने रहेंगे, लेकिन TMC विधायक के रूप में उनकी मान्यता समाप्त हो गई है।
पार्टी का सख्त संदेश
TMC नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और पार्टी विरोधी गतिविधियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।