महंत विवाद पर बढ़ा राजनीतिक घमासान, कांग्रेस ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत को लेकर बजरंग दल के एक नेता के बयान पर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे अपने वरिष्ठ नेता का अपमान बताया है।

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि कांग्रेस किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी या धमकी को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने वालों को जवाब दिया जाएगा।

अटल श्रीवास्तव ने कहा कि बिलासपुर में बजरंग दल के एक नेता द्वारा चरणदास महंत को लेकर दिए गए बयान से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी ने कांग्रेस नेताओं के साथ दुर्व्यवहार करने की कोशिश की तो पार्टी कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे।

चरणदास महंत के बयान से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, हाल ही में चरणदास महंत ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि वे उन्हें जगद्गुरु नहीं मानते और उन्हें भाजपा का प्रचारक बताया था। महंत के इस बयान के बाद राजनीतिक और धार्मिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।

जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने भी सार्वजनिक मंच से इस बयान पर आपत्ति जताते हुए प्रतिक्रिया दी थी। इसके बाद कई हिंदू संगठनों ने चरणदास महंत के खिलाफ प्रदर्शन किया और नाराजगी व्यक्त की।

बयानबाजी से बढ़ा राजनीतिक तापमान

अब बजरंग दल नेता की टिप्पणी और कांग्रेस की पलटवार वाली प्रतिक्रिया के बाद मामला और अधिक राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और धमकी की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी।

फिलहाल इस बयान को लेकर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है और आने वाले दिनों में यह विवाद और तूल पकड़ सकता है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *