रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर जीआरपी (GRP) ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हीराकुंड एक्सप्रेस से करीब 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गांजे को ट्रेन के एसी कोच के बाथरूम में बनी फॉल्स सीलिंग के अंदर छिपाकर रखा था। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, जीआरपी रायगढ़ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से आने वाली ट्रेन संख्या 20807 अप हीराकुंड एक्सप्रेस में अवैध गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने से पहले ही निगरानी बढ़ा दी।
तलाशी में खुला तस्करों का नया तरीका
ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी जवानों ने एसी कोच एम-1 में सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान बाथरूम के ऊपर बनी फॉल्स सीलिंग संदिग्ध लगी। जब पुलिस ने सीलिंग को खोलकर देखा तो उसके अंदर गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस ने फॉल्स सीलिंग से करीब 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करों द्वारा अपनाए गए इस नए तरीके को देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।
फरार तस्करों की तलाश जारी
जीआरपी ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गांजे की खेप उड़ीसा से ट्रेन में लोड की गई थी और इसे किसी अन्य राज्य तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस अब रेलवे स्टेशन और ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यात्रियों की जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तस्करों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।