इस्तीफे के बाद दिल्ली पहुंचे सिद्धारमैया, राहुल-खड़गे से मुलाकात; बेटे यतींद्र के लिए मांगा बड़ा मंत्रालय

कर्नाटक | कर्नाटक  के कार्यवाहक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस्तीफे के बाद दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात की। उन्होंने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी से अलग-अलग मुलाकात कर अपनी राजनीतिक प्राथमिकताओं और नई सरकार को लेकर सुझाव सौंपे।

सूत्रों के मुताबिक सिद्धारमैया ने कांग्रेस हाईकमान को राज्यसभा चुनाव, एमएलसी चुनाव और कर्नाटक की नई कैबिनेट के लिए अपनी पसंदीदा नेताओं की सूची दी। इसके साथ ही उन्होंने अपने बेटे यतींद्र सिद्धारमैया के लिए नई डीके शिवकुमार सरकार में अहम मंत्रालय की मांग भी रखी।

बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया ने यतींद्र के लिए चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उद्योग या जल संसाधन विभाग जैसे बड़े मंत्रालयों की इच्छा जताई है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, इस्तीफे के बदले पार्टी हाईकमान ने सिद्धारमैया को राज्यसभा भेजने और AICC में बड़ी जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव भी दिया है, लेकिन उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में रुचि नहीं होने की बात कही है।

दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं की गर्मजोशी भरी तस्वीरें भी सामने आईं, जिसमें राहुल गांधी ने सिद्धारमैया को गले लगाकर स्वागत किया। वहीं मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात के दौरान नई कर्नाटक सरकार में डिप्टी सीएम पदों को लेकर भी चर्चा हुई।

सूत्रों के मुताबिक नई सरकार में तीन डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। एससी वर्ग से जी परमेश्वर या प्रियंक खड़गे, एसटी वर्ग से सतीश जरकीहोली और लिंगायत समुदाय से एमबी पाटिल के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *