दिल्ली सरकार का ‘बिजली बचाओ’ अभियान: AC 24-26 डिग्री पर चलाएं, दिन में लाइटें बंद रखें

दिल्ली | भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली खपत के बीच रेखा गुप्ता सरकार ने राजधानी में ‘बिजली बचाओ’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत दिल्ली सरकार ने सभी विभागों, स्वायत्त निकायों और स्थानीय संस्थाओं को बिजली की बचत सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने कार्यालयों में AC को 24 से 26 डिग्री सेल्सियस पर चलाने, दिन में अनावश्यक लाइटें बंद रखने और प्राकृतिक रोशनी का अधिकतम उपयोग करने को कहा है।

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी विभागाध्यक्ष अपने कार्यालयों में बिजली की खपत कम करने के लिए जरूरी कदम उठाएं। इसके तहत मास्टर स्विच लगाने की सलाह भी दी गई है, ताकि कार्यालय बंद होने के बाद सभी बिजली उपकरणों को एक साथ बंद किया जा सके और फिजूल बिजली खर्च रोका जा सके।

सरकार ने निर्देश दिया है कि दिन के समय जहां जरूरत न हो वहां लाइटें बंद रखी जाएं और कार्यस्थलों में प्राकृतिक रोशनी का अधिक इस्तेमाल किया जाए। साथ ही कमरों, गलियारों और कार्यालय परिसरों में जरूरत से ज्यादा रोशनी से बचने को कहा गया है।

दिल्ली सरकार ने कहा कि यह फैसला प्रधानमंत्री Narendra Modi की ऊर्जा और ईंधन बचाने की अपील को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सरकार का मानना है कि छोटे-छोटे प्रयासों से बिजली की बड़ी बचत संभव है, जिससे ऊर्जा संकट और बढ़ते बिजली बिल दोनों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *