रायपुर। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं से कांग्रेस के “पेट में दर्द” हो रहा है।
अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान प्रदेश में शराब व्यवस्था को लेकर बड़े घोटाले हुए और गांव-गांव तक शराब पहुंचाई गई। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार की महतारी वंदन योजना से 70 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पहुंचाया है और अब जनता कांग्रेस के बहकावे में आने वाली नहीं है।
सूरजपुर में कांग्रेस नेताओं की एकजुटता पर टिप्पणी करते हुए साव ने कहा कि कांग्रेस नेता आम जनता के मुद्दों पर कभी एकजुट नहीं होते, बल्कि केवल आरोपियों और विवादित मामलों में सक्रिय दिखाई देते हैं।
वहीं, जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि हिंदू संतों और देवी-देवताओं पर टिप्पणी करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है। Jagadguru Rambhadracharya
एक्सप्रेसवे को ट्रैफिक के लिए खोले जाने और सीतापुर विधायक व तहसीलदार विवाद पर साव ने कहा कि दोनों मामलों की जांच चल रही है और रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।