देश | देश के कई हिस्सों में लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा कि भीषण गर्मी को हल्के में न लें और खुद को हाइड्रेटेड रखने के साथ-साथ दूसरों का भी ध्यान रखें।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें और जरूरतमंद या प्यासे लोगों को पानी पिलाने में संकोच न करें।
गर्मी के असर पर चिंता जताई
पीएम मोदी ने कहा कि बढ़ते तापमान के कारण देशभर में जनजीवन प्रभावित हो रहा है और दैनिक गतिविधियां कठिन होती जा रही हैं। उन्होंने नागरिकों से सावधानी और आपसी सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील की।
हीटवेव को हल्के में न लेने की सलाह
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि तेज गर्मी के दौरान चक्कर आना, मतली, कमजोरी या अत्यधिक थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ लेना जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी व्यक्ति को अचानक बेहोशी या तबीयत खराब महसूस हो, तो तुरंत सहायता करनी चाहिए और उसे हाइड्रेटेड रखना चाहिए।
बुजुर्गों और बच्चों पर खास ध्यान देने की अपील
पीएम मोदी ने कहा कि इस भीषण गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने परिवार के बुजुर्ग सदस्यों और पड़ोसियों का नियमित हालचाल लेते रहें।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि घरों, दुकानों, बालकनी और छतों पर पानी के कटोरे रखे जाएं, ताकि पक्षियों और जरूरतमंदों को भी राहत मिल सके।
सतर्कता से बचाई जा सकती हैं जानें
प्रधानमंत्री ने कहा कि समय पर सावधानी न बरतने पर हीटस्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि लोगों की सतर्कता और मदद की भावना किसी की जान बचा सकती है।
देश में नौतपा और बढ़ते तापमान के बीच यह संदेश तेजी से चर्चा में है और लोग सोशल मीडिया पर भी इसे साझा कर रहे हैं।