आईपीएल 2026 | आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में Sunrisers Hyderabad और Rajasthan Royals की टीमें न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने हैं। मुकाबले में SRH के कप्तान Pat Cummins ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। वहीं राजस्थान की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा है, क्योंकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
SRH ने अपनी प्लेइंग-11 में प्रफुल्ल हिंगे की वापसी कराई है, जबकि राजस्थान रॉयल्स की टीम में Ravindra Jadeja की वापसी हुई है। शुभम दुबे को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर रखा गया है। इस मैच की विजेता टीम क्वालीफायर-2 में Gujarat Titans से भिड़ेगी।
बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही पिच
महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल मानी जाती है। इस मैदान पर अब तक खेले गए 15 आईपीएल मुकाबलों में 8 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की है। पहली पारी का औसत स्कोर करीब 181 रन रहा है, जिससे हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद बढ़ गई है।
गेंदबाजों में तेज गेंदबाजों को यहां ज्यादा मदद मिलती है। कुल विकेटों में करीब 65 प्रतिशत विकेट पेसर्स ने लिए हैं, जबकि स्पिनरों को भी कुछ सहायता मिलती रही है।
हेड टू हेड में SRH का दबदबा
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 23 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें SRH ने 14 और RR ने 9 मैच जीते हैं। IPL 2026 के लीग स्टेज में भी हैदराबाद ने राजस्थान को दोनों बार हराया था। पिछले 6 मुकाबलों से राजस्थान, हैदराबाद को हराने में नाकाम रही है।
13 साल बाद एलिमिनेटर में भिड़ंत
SRH और RR की टीमें 13 साल बाद एलिमिनेटर मुकाबले में आमने-सामने हैं। इससे पहले 2013 में खेले गए एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स ने जीत दर्ज की थी। हालांकि IPL 2024 के क्वालीफायर-2 में SRH ने राजस्थान को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH):
अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, इशान किशन, हेनरिक क्लासेन, स्मरण रविचंद्रन, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे।
राजस्थान रॉयल्स (RR):
यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, ब्रिजेश शर्मा, यश राज पुंजा।
मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध है।