आईपीएल 2026 | आईपीएल 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। आज एलिमिनेटर मुकाबले में Sunrisers Hyderabad और Rajasthan Royals आमने-सामने होंगी। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा, जबकि जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी।
दोनों टीमों के बीच यह अहम मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। मुकाबले से पहले फैंस की नजरें अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों पर टिकी हैं।
हेड टू हेड आंकड़ों की बात करें तो हैदराबाद का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक 23 मैच खेले गए हैं, जिनमें SRH ने 14 और राजस्थान ने 9 मुकाबले जीते हैं। खास बात यह है कि इस सीजन लीग स्टेज में SRH ने राजस्थान को दोनों मैचों में हराया था।
पिच रिपोर्ट भी बल्लेबाजों के लिए अच्छी खबर लेकर आई है। न्यू चंडीगढ़ की पिच हाई-स्कोरिंग मुकाबलों के लिए जानी जाती है और यहां पहली पारी का औसत स्कोर करीब 181 रन रहा है। तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद मिल सकती है, लेकिन बाद में बल्लेबाज हावी रहते हैं। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है।
प्लेऑफ रिकॉर्ड में भी SRH थोड़ा आगे दिखाई देता है। हैदराबाद ने 14 प्लेऑफ मैचों में 8 जीत दर्ज की हैं और 2016 में खिताब भी जीता था। वहीं राजस्थान रॉयल्स ने 2008 में पहला आईपीएल खिताब अपने नाम किया था।
13 साल बाद दोनों टीमें एलिमिनेटर मुकाबले में आमने-सामने होंगी। इससे पहले 2013 में राजस्थान ने SRH को हराकर जीत हासिल की थी। हालांकि मौजूदा फॉर्म और हालिया रिकॉर्ड को देखते हुए मुकाबला कांटे का माना जा रहा है |