दिल्ली में 30 जून से शुरू होगा वोटर लिस्ट सत्यापन, 13 हजार BLO घर-घर करेंगे जांच

नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) की प्रक्रिया 30 जून से शुरू होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने बुधवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इस दौरान 13 हजार से अधिक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे, ताकि मतदाता सूची को अपडेट और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, 20 जून से 29 जून तक BLO को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही गणना प्रपत्रों और अन्य दस्तावेजों की छपाई सहित सभी आंतरिक तैयारियां पूरी की जाएंगी। इसके बाद 30 जून से घर-घर जाकर सत्यापन अभियान शुरू होगा, जो 29 जुलाई तक चलेगा।

अधिकारियों ने बताया कि हर पंजीकृत मतदाता को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां दी जाएंगी। एक प्रति भरकर BLO को जमा करनी होगी, जबकि दूसरी प्रति मतदाता अपने रिकॉर्ड के लिए रख सकेगा। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से भी गणना प्रपत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक इस पुनरीक्षण प्रक्रिया में 1 अक्टूबर तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएगी। इसके लिए हर चरण में निगरानी और जांच की व्यवस्था की गई है। राजनीतिक दलों को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा और बूथ लेवल एजेंट (BLA) के माध्यम से वे सत्यापन प्रक्रिया पर नजर रख सकेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, सत्यापन पूरा होने के बाद 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी कर अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को जारी होगी। निर्वाचन विभाग ने कहा कि SIR प्रक्रिया से जुड़ी सभी जानकारियां नियमित रूप से विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर साझा की जाएंगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *