मलयालम फिल्म इंडस्ट्री | दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान जल्द ही मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू करने जा रहे हैं। बाबिल इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘गांधी बाजार संडे मार्केट’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसकी शुरुआत पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में हो चुकी है। अपनी इस नई शुरुआत को लेकर बाबिल काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
इस फिल्म का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर बाबू जनार्दन कर रहे हैं। फिल्म में बाबिल खान के साथ अपर्णा बालमुरली, दीपक परमबोल, जॉनी एंटनी, जगदीश और सुधीर करमना समेत कई कलाकार नजर आएंगे।
मलयालम सिनेमा में कदम रखने को लेकर बाबिल खान ने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक नई शुरुआत नहीं, बल्कि सीखने और खुद को नए तरीके से खोजने का मौका भी है। उन्होंने कहा कि मलयालम फिल्मों का उनके दिल में हमेशा खास स्थान रहा है, क्योंकि वहां कहानियों को बेहद संवेदनशीलता और भावनात्मक गहराई के साथ पेश किया जाता है।
बाबिल ने कहा, “एक कलाकार के तौर पर मैं हमेशा खुद को नई परिस्थितियों में डालकर सीखने की कोशिश करता हूं। असली विकास तभी होता है, जब इंसान अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर नई दुनिया, नए लोगों और नई भावनाओं को अपनाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि सिलीगुड़ी में शूटिंग करना उनके लिए बेहद खास अनुभव है और वह इस फिल्म के जरिए खुद को नए अंदाज में तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। बाबिल ने फिल्म की पूरी टीम और निर्देशक बाबू जनार्दन की भी जमकर तारीफ की।
बाबिल के मुताबिक, “इतने अनुभवी और प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ काम करना मेरे लिए सीखने का शानदार मौका है। मैं हमेशा ऐसी कहानियों का हिस्सा बनना चाहता हूं, जो सिर्फ मनोरंजन न करें बल्कि लोगों के दिलों पर असर भी छोड़ें।”
उन्होंने कहा कि मलयालम सिनेमा में काम करना उनके लिए सम्मान की बात है और वह इस नए सफर को लेकर बेहद खुश और आभारी महसूस कर रहे हैं।