छत्तीसगढ़ | छत्तीसगढ़ सरकार ने अखिल भारतीय सेवा (AIS) के अधिकारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी बढ़ोतरी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अब IAS, IPS और IFS अधिकारियों को 58 फीसदी की जगह 60 फीसदी डीए मिलेगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा और इसका भुगतान नकद किया जाएगा। यह फैसला केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार लिया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक डीए की गणना वेतन मैट्रिक्स में तय मूल वेतन के आधार पर की जाएगी। इसमें विशेष वेतन या अन्य अतिरिक्त भत्तों को शामिल नहीं किया जाएगा। शासन ने यह भी कहा है कि यदि किसी अधिकारी को तय नियम से ज्यादा राशि का भुगतान होता है तो उसकी वसूली की जाएगी।
राज्य कर्मचारियों की बढ़ीं उम्मीदें
अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए डीए बढ़ने के बाद अब राज्य संवर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों और पेंशनर्स की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। कर्मचारी संगठन लंबे समय से केंद्र के बराबर महंगाई भत्ता देने की मांग कर रहे हैं।
अब लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजर राज्य सरकार के अगले फैसले पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सरकार अन्य कर्मचारी वर्गों के लिए भी डीए बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है |