ओडिशा | ओडिशा के कालाहांडी जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस फैलने से मजदूर एक-एक कर बेहोश होते चले गए। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
यह घटना कालाहांडी जिले के मदनपुर-रामपुर इलाके के गौड़ कारलाखुंटा गांव में हुई। बताया गया कि गांव में एक घर के पास नया सेप्टिक टैंक बनाया जा रहा था। टैंक के अंदर सेंटरिंग का सामान हटाने के लिए सबसे पहले एक मजदूर नीचे उतरा, लेकिन कुछ देर बाद भी वह बाहर नहीं आया।
आशंका जताई जा रही है कि बंद टैंक के भीतर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण वह बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए एक-एक कर छह अन्य लोग भी टैंक के अंदर गए, लेकिन वे भी अचेत हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लंबा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सभी लोगों को बाहर निकालकर मदनपुर-रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान निमाए चरण पाल, आकाश पाल, अदल माझी, बैकुंठ जल, मनारंजन हाती और चांद जल के रूप में हुई है। इनमें निमाए चरण पाल और आकाश पाल पिता-पुत्र थे। जिस घर में सेप्टिक टैंक बन रहा था, वह उन्हीं का बताया जा रहा है। बाकी मृतकों में तीन राजमिस्त्री और एक मजदूर शामिल हैं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
पुलिस ने मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि सेप्टिक टैंक के अंदर काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।