LPG Price Today | देशभर में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच आम लोगों को राहत की एक खबर मिली है. घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है. तेल विपणन कंपनियों ने 25 मई को भी घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के एलपीजी सिलेंडर के दाम स्थिर रखे हैं.
हालांकि पिछले 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार बार बढ़ोतरी हो चुकी है. ताजा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा हो गया है. इस दौरान कुल मिलाकर पेट्रोल-डीजल करीब ₹7.50 प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं, जिससे लोगों को आशंका थी कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ सकते हैं.
लेकिन फिलहाल तेल कंपनियों ने एलपीजी उपभोक्ताओं को राहत दी है. घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में आखिरी बदलाव 7 मार्च 2026 को हुआ था, जब सिलेंडर ₹60 महंगा किया गया था. उसके बाद से अब तक कीमतें स्थिर बनी हुई हैं.
ऊर्जा बाजार में अस्थिरता और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद सरकार और तेल कंपनियों ने घरेलू उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं डाला है. हालांकि कमर्शियल गैस सिलेंडर की ऊंची कीमतों का असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारों पर साफ दिखाई दे रहा है.
## प्रमुख शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम
| शहर | घरेलू गैस सिलेंडर | कमर्शियल सिलेंडर |
| ——— | —————– | —————- |
| नई दिल्ली | ₹913 | ₹3071.5 |
| मुंबई | ₹912.5 | ₹3024 |
| कोलकाता | ₹939 | ₹3202.5 |
| बेंगलुरु | ₹915.5 | ₹3152 |
| चेन्नई | ₹928.5 | ₹3237 |
| जयपुर | ₹916.5 | ₹3099 |
| लखनऊ | ₹950.5 | ₹3194 |
| पटना | ₹1002.5 | ₹3347 |
| भोपाल | ₹918.5 | ₹3077 |
मई की शुरुआत में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 900 रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी की गई थी, जिसका असर खासतौर पर होटल और फूड इंडस्ट्री पर पड़ा है. ऐसे में घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रहने से आम उपभोक्ताओं को फिलहाल कुछ राहत जरूर मिली है.
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में तेजी जारी रही, तो आने वाले समय में एलपीजी की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है.