बंगाल के रंगदार सावधान! पुलिस अधिकारी पर गोली चलाने के आरोपी को कच्छा-बनियान में सड़कों पर घुमाया

बंगाल | पश्चिम बंगाल के हावड़ा में अपराध और रंगदारी नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई है. कुख्यात बदमाश आकाश सिंह को पुलिस ने कथित तौर पर कच्छा-बनियान में शहर की सड़कों पर घुमाते हुए कई पुराने अपराध स्थलों पर ले जाकर क्राइम रिकंस्ट्रक्शन कराया. आकाश सिंह पर पुलिस अधिकारी पर गोली चलाने, रंगदारी गिरोह चलाने और कई आपराधिक वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं.

हावड़ा पुलिस ने आरोपी को मालीपांचघरा और गोलाबाड़ी थाना क्षेत्रों में ले जाकर उन जगहों की पहचान कराई, जहां कथित तौर पर अपराधों की योजना बनाई गई थी या उन्हें अंजाम दिया गया था. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रक्रिया का मकसद अपराध की पूरी साजिश, उसके नेटवर्क और सहयोगियों की भूमिका को समझना है.

रविवार को चले इस ऑपरेशन के दौरान आकाश सिंह को केवल बनियान और शॉर्ट्स में भारी सुरक्षा के बीच शहर के अलग-अलग हिस्सों में ले जाया गया. इससे पहले शुक्रवार को क्राइम रिकंस्ट्रक्शन के दौरान वह हाफ पैंट और टी-शर्ट में दिखाई दिया था. हालांकि शनिवार को जब पुलिस उसे दोबारा घटनास्थलों पर लेकर पहुंची, तब उसके बाल और दाढ़ी कटे हुए थे और वह कच्छा-बनियान में नजर आया.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आकाश सिंह लंबे समय से हावड़ा के आपराधिक नेटवर्क में सक्रिय था और उस पर जबरन वसूली के बड़े गिरोह को संचालित करने का आरोप है. जांच एजेंसियां अब उससे जुड़े पुराने मामलों को फिर से खंगाल रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे.

बताया जा रहा है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर कई नए सुराग मिले हैं. पुलिस अब उसके सहयोगियों, फाइनेंसरों और स्थानीय स्तर पर मदद पहुंचाने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है. इस कार्रवाई के बाद हावड़ा में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *