नई दिल्ली | दिल्ली हाईकोर्ट ने रेसलर विनेश फोगाट को बड़ा राहत भरा फैसला देते हुए एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है। ये ट्रायल्स 30 और 31 मई को होने हैं।
कोर्ट ने कहा कि खेल और न्याय के हित में यह जरूरी है कि विनेश को ट्रायल में भाग लेने दिया जाए।
विनेश पर रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) ने अनुशासन और नियमों के उल्लंघन को लेकर बैन लगाया था, जो 26 जून तक लागू है। इसके बावजूद कोर्ट ने उन्हें ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दी।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह भी कहा कि किसी भी महिला खिलाड़ी को मैटरनिटी लीव के दौरान करियर, रैंकिंग या प्रमोशन में नुकसान नहीं होना चाहिए।
कोर्ट ने यह टिप्पणी भी की कि WFI की नई नीति में पहले जैसी छूट नहीं दी गई है, जबकि पहले बड़े खिलाड़ियों को ट्रायल के बिना भी टीम में चुना जा सकता था।
विनेश फोगाट ने कहा था कि उन्होंने अपने सैबेटिकल की जानकारी संबंधित सभी खेल संस्थाओं को दे दी थी और वह 2026 से वापसी के लिए योग्य हैं।
इस फैसले के बाद विनेश फोगाट अब एशियन गेम्स चयन ट्रायल्स में हिस्सा ले सकेंगी, जबकि उनका WFI से जुड़ा मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।