पाकिस्तान | पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन Baloch Liberation Army (BLA) ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसने पाकिस्तान एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स (ASF) के डिप्टी डायरेक्टर और कमांडिंग ऑफिसर वसीम अहमद को अगवा कर लिया है. इस घटना को पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी विफलता माना जा रहा है.
BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि संगठन की खुफिया विंग ‘जिराब’ को दो वरिष्ठ अधिकारियों की आवाजाही की जानकारी मिली थी. इसी इनपुट के आधार पर संगठन के लड़ाकों ने बलूचिस्तान के कलात जिले के मुख्य हाईवे पर घात लगाकर कार्रवाई की.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वसीम अहमद आधिकारिक काम से यात्रा कर रहे थे, तभी हथियारबंद लड़ाकों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और उन्हें अपने कब्जे में ले लिया. घटना के बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है. बाद में BLA ने खुद उनकी हिरासत का दावा किया.
पाकिस्तान में एयरपोर्ट सिक्योरिटी फोर्स सीधे रक्षा मंत्रालय के अधीन काम करती है और देश के एयरपोर्ट्स की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है. ऐसे में ASF के इतने वरिष्ठ अधिकारी का अगवा होना पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.
BLA ने कहा है कि वह इस कार्रवाई को लेकर जल्द और जानकारी जारी करेगा. फिलहाल पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
बलूचिस्तान लंबे समय से उग्रवाद और अलगाववादी गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है. BLA जैसे संगठन लगातार पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा बलों को निशाना बनाते रहे हैं. हाल के वर्षों में बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों, सरकारी अधिकारियों और चीनी परियोजनाओं पर हमलों में भी तेजी देखी गई है.