अमेरिका में ग्रीन कार्ड नियम बदले, अब देश छोड़कर करनी होगी प्रक्रिया; भारतीयों को बड़ा झटका

अमेरिका | अमेरिका  में ग्रीन कार्ड हासिल करने का सपना देख रहे हजारों भारतीयों को बड़ा झटका लगा है. U.S. Citizenship and Immigration Services यानी USCIS ने नया नियम लागू करते हुए कहा है कि अब विदेशी नागरिक अमेरिका में रहकर ग्रीन कार्ड की पूरी प्रक्रिया पूरी नहीं कर सकेंगे.

नए नियम के तहत, जो लोग फिलहाल अस्थायी वीजा पर अमेरिका में रह रहे हैं और ग्रीन कार्ड पाना चाहते हैं, उन्हें आवेदन प्रक्रिया के दौरान अपने देश लौटना होगा. इसके बाद वे अपने होम कंट्री से इमिग्रेंट वीजा के लिए आवेदन करेंगे. पहले H-1B, स्टूडेंट या अन्य अस्थायी वीजा पर रह रहे लोग अमेरिका में रहते हुए ही स्टेटस एडजस्टमेंट के जरिए ग्रीन कार्ड प्रक्रिया पूरी कर लेते थे.

USCIS के प्रवक्ता जैक काहलर ने कहा कि अब ग्रीन कार्ड प्रक्रिया के लिए अमेरिका में बने रहने की अनुमति केवल “असाधारण परिस्थितियों” में ही दी जाएगी. उन्होंने कहा कि अमेरिका अपनी इमिग्रेशन प्रणाली को “कानून के मूल उद्देश्य” के अनुसार वापस ला रहा है.

वहीं अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग United States Department of Homeland Security ने भी इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि नई नीति इमिग्रेशन सिस्टम में मौजूद “कमियों और चोर रास्तों” को बंद करने के लिए लाई गई है. विभाग ने कहा कि अब अमेरिकी इमिग्रेशन व्यवस्था के “गलत इस्तेमाल” का दौर खत्म किया जा रहा है.

इस फैसले का सबसे ज्यादा असर अमेरिका में रह रहे अंतरराष्ट्रीय छात्रों, H-1B वीजा होल्डर्स और टूरिस्ट वीजा पर मौजूद लोगों पर पड़ सकता है. ये लोग अमेरिका छोड़े बिना ही अपनी कानूनी स्थिति को ग्रीन कार्ड में बदलने की उम्मीद कर रहे थे.

नए पॉलिसी मेमो में साफ किया गया है कि अमेरिका में रहकर स्टेटस बदलना अब सामान्य प्रक्रिया नहीं मानी जाएगी. इमिग्रेशन अधिकारियों को हर आवेदन की अलग-अलग और कड़ी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं.

भारतीयों के लिए यह फैसला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि अमेरिका में ग्रीन कार्ड और नागरिकता पाने वालों में भारतीयों की संख्या लगातार बढ़ रही है. आंकड़ों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2024 में करीब 49,700 भारतीय मूल के लोगों ने ग्रीन कार्ड प्रक्रिया के जरिए अमेरिकी नागरिकता हासिल की थी. मैक्सिको के बाद भारतीय इस सूची में दूसरे सबसे बड़े समूह थे.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *