पाकिस्तान की बढ़ी टेंशन! भारत ने सफलतापूर्वक टेस्ट की अग्नि-1 मिसाइल

भारत | भारत ने अपनी सामरिक ताकत को और मजबूत करते हुए स्वदेशी ‘अग्नि-1’ बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया है. रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन यानी Defence Research and Development Organisation ने ओडिशा के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (ITR) से शुक्रवार शाम 6:30 बजे इस मिसाइल का सफल प्रक्षेपण किया.

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, परीक्षण के दौरान मिसाइल ने अपने तय मार्ग का सफलतापूर्वक पालन किया और निर्धारित लक्ष्य को सटीकता के साथ भेदा. इस दौरान मिसाइल की सभी तकनीकी और ऑपरेशनल क्षमताओं की जांच की गई, जो पूरी तरह सफल रहीं. परीक्षण को DRDO के वरिष्ठ वैज्ञानिकों और भारतीय सेना के अधिकारियों ने मॉनिटर किया.

‘अग्नि-1’ भारत की शॉर्ट रेंज बैलिस्टिक मिसाइल है, जो 700 से 1200 किलोमीटर तक की दूरी पर हमला करने में सक्षम है. इसकी जद में पूरा पाकिस्तान आता है. यह मिसाइल परमाणु और पारंपरिक दोनों तरह के वॉरहेड ले जाने की क्षमता रखती है. मिसाइल करीब 1,000 किलोग्राम तक का पेलोड ले जा सकती है.

करीब 12 मीटर लंबी और 12 टन वजनी ‘अग्नि-1’ मिसाइल ठोस ईंधन तकनीक पर आधारित है, जिसकी वजह से इसे बेहद कम समय में लॉन्च के लिए तैयार किया जा सकता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे सड़क मार्ग से मोबाइल लॉन्चर के जरिए कहीं से भी दागा जा सकता है, जिससे इसकी तैनाती और जवाबी कार्रवाई की क्षमता काफी बढ़ जाती है.

रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, यह परीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान हाल के दिनों में अपनी ‘फतह’ मिसाइलों के परीक्षण कर रहा है. ऐसे में अग्नि-1 का सफल परीक्षण भारत की रणनीतिक तैयारी और जवाबी क्षमता का बड़ा संदेश माना जा रहा है.

‘अग्नि-1’ को पहली बार 2004 में भारतीय सेना में शामिल किया गया था और तब से यह भारत की ‘क्रेडिबल मिनिमम डिटेरेंस’ नीति का अहम हिस्सा बनी हुई है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *