छत्तीसगढ़ | छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले का उसूर ब्लॉक अब देशभर में विकास और स्वास्थ्य सेवाओं का नया मॉडल बनकर उभरा है। नीति आयोग की ‘चैंपियंस ऑफ द क्वार्टर’ (अक्टूबर-दिसंबर 2025) रिपोर्ट में उसूर ब्लॉक ने सेंट्रल जोन में पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि को राज्य सरकार ने सुशासन और जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का बड़ा उदाहरण बताया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि जनता के भरोसे, स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बस्तर के सुदूर और चुनौतीपूर्ण इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता रही है और उसूर ब्लॉक ने कठिन परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन कर पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने भी इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि कभी बुनियादी सुविधाओं से दूर माना जाने वाला उसूर आज देश के लिए विकास का मॉडल बन गया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय डॉक्टरों, एएनएम, मितानिन बहनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया।
नीति आयोग ने स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े कई मानकों पर मूल्यांकन किया था। उसूर ब्लॉक ने मलेरिया और डेंगू जैसे संचारी रोगों की रोकथाम, संस्थागत प्रसव बढ़ाने, टीकाकरण अभियान, एचपीवी वैक्सीनेशन और बीपी-शुगर जैसी गंभीर बीमारियों की जांच में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
जिला प्रशासन ने कहा कि अब अगला लक्ष्य देशभर में पहला स्थान हासिल करना है। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।