धमतरी | छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने अपने विशेष अभियान “ऑपरेशन लॉस्ट एंड फाउंड” के तहत 151 गुम मोबाइल फोन बरामद किए और उन्हें उनके मालिकों को सौंपा। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
अभियान के दौरान पुलिस ने तकनीकी सहायता और साइबर सेल की मदद से विभिन्न स्थानों से चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
स्थानीय पुलिस लाइन के कंपोजिट बिल्डिंग में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर, एसपी और महापौर ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल खो जाने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं और साइबर पोर्टल का उपयोग करें।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और इसे जनहित में एक सराहनीय कदम बताया। धमतरी पुलिस का यह अभियान यह साबित करता है कि तकनीक और सतत प्रयासों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा सकता है।