रायपुर | राजधानी रायपुर की पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए डायल-112 सेवा में 54 नई हाईटेक गाड़ियों को शामिल किया गया है। डिप्टी सीएम एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बुधवार को हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया।
इस मौके पर विजय शर्मा ने कहा कि नई गाड़ियों के शामिल होने से अब आपात स्थिति में पुलिस पहले से ज्यादा तेजी से मौके पर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि पूरी व्यवस्था को C-DAC की एडवांस टेक्नोलॉजी से मॉनिटर किया जाएगा। कॉल आते ही लोकेशन तुरंत ट्रेस होगी और कमांड सेंटर से लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।
डिप्टी सीएम ने बताया कि नई डायल-112 गाड़ियों में हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं और सभी वाहन आज से ही सेवा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री और गृह विभाग का आभार जताया।
ड्रोन पेट्रोलिंग को लेकर भी विजय शर्मा ने बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ड्रोन पेट्रोलिंग सिस्टम पर काम किया जाएगा, जिसके तहत जरूरत के मुताबिक विशेष लोकेशन पर ड्रोन भेजे जाएंगे। इससे सुरक्षा व्यवस्था को और आधुनिक और प्रभावी बनाया जाएगा।
इस दौरान PCC चीफ दीपक बैज के मोबाइल फोन के आठ महीने बाद भी बरामद नहीं होने के सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि यदि शिकायत दर्ज हुई है तो मामले को दिखवाया जाएगा।
वहीं डायल-112 के जवानों पर हमलों को लेकर डिप्टी सीएम ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस कर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के लोगों को लोकतंत्र और अपनी चुनी हुई सरकार पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है।