रायपुर। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बाद अब छत्तीसगढ़ में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और बड़ा क्रिकेट महाकुंभ शुरू होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) द्वारा आयोजित ‘छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग’ (CCPL) के तीसरे सीजन का आयोजन आगामी 3 जून से 14 जून 2026 तक किया जाएगा। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
CCPL का यह सीजन एक बार फिर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देगा। टूर्नामेंट को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार, इस बार भी लीग में रोमांचक मुकाबलों के साथ कई नए और उभरते खिलाड़ियों को मौका मिलेगा।
टूर्नामेंट के औपचारिक आगाज से पहले मंगलवार, 19 मई को शाम 5:30 बजे उमरिया (नवा रायपुर) स्थित होटल मायरा में ग्रैंड जर्सी लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस खास आयोजन में सभी टीमों की आधिकारिक जर्सी लॉन्च की जाएगी और टीमों का परिचय भी कराया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि CCPL का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में क्रिकेट संस्कृति को बढ़ावा देना और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर देना है। पिछले दो सीजन की सफलता के बाद इस बार भी लीग को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।