धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने सरकार का बड़ा कदम, मंत्री राजेश अग्रवाल ने रखी आधारशिला

रायपुर |राजेश अग्रवाल ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि आस्था के केंद्रों को सुविधायुक्त बनाया जा सके और स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिले।

पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड के ग्राम फुलचुही और डांड़गांव में विभिन्न धार्मिक विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

पंचमुखी पहाड़ी में सीढ़ी और मंदिर पुनर्निर्माण कार्य शुरू

मंत्री अग्रवाल ने ग्राम फुलचुही स्थित पंचमुखी पहाड़ी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीढ़ी निर्माण एवं मंदिर भवन पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके साथ ही ग्राम डांड़गांव में नए मंदिर निर्माण कार्य की आधारशिला भी रखी गई।

उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।

“मंदिर आस्था और संस्कृति के जीवंत प्रतीक”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं होते, बल्कि समाज की आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता के प्रतीक भी होते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास के साथ उन्हें स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय व्यापार तथा स्वरोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

विरासत संरक्षण के साथ विकास पर जोर

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार “विरासत के संरक्षण और विकास के समन्वय” की सोच के साथ आगे बढ़ रही है। प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक गौरव को मजबूत करने के लिए जनभावनाओं के अनुरूप योजनाएं लागू की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक परंपराएं और सांस्कृतिक धरोहरें प्रदेश की अमूल्य संपत्ति हैं, जिन्हें आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, ग्रामीण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *