ईरान में युद्ध जैसी तैयारी! लाइव टीवी पर एंकर को सिखाई गई AK-47, महिलाओं-बच्चों को भी दी जा रही हथियार ट्रेनिंग

Iran  | Iran  में अमेरिका और खाड़ी देशों के साथ बढ़ते तनाव के बीच अब आम नागरिकों को सार्वजनिक तौर पर हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है। राजधानी Tehran से सामने आई तस्वीरों और वीडियो ने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। यहां महिलाओं, बच्चों और आम पुरुषों को खुलेआम AK-47 जैसी असॉल्ट राइफल चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है, जबकि सरकारी टीवी चैनलों पर भी लाइव हथियार प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रसारित किए जा रहे हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा उस लाइव प्रसारण की हो रही है, जिसमें एक ईरानी टीवी एंकर को ऑन-एयर AK-47 चलाना सिखाया गया। इस दौरान एंकर ने संयुक्त अरब अमीरात यानी United Arab Emirates (UAE) के राष्ट्रीय झंडे की तरफ गोली चला दी। यह पूरा घटनाक्रम लाइव प्रसारण के दौरान हुआ, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

लाइव शो में दिखाई गई हथियार ट्रेनिंग

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह प्रसारण ईरान के सरकारी चैनल Ofogh TV पर दिखाया गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि मिलिट्री स्टाइल कपड़ों में मौजूद एक नकाबपोश ट्रेनर टीवी एंकर को AK-47 लोड करना और चलाना सिखा रहा है। इसी दौरान एंकर ने फायरिंग की, जिसमें UAE के झंडे को निशाना बनाया गया।

बताया जा रहा है कि ईरान इन दिनों प्राइमटाइम टीवी पर ऐसे कार्यक्रमों की संख्या बढ़ा रहा है, ताकि संभावित बड़े युद्ध की स्थिति में आम नागरिकों को मानसिक और सैन्य रूप से तैयार किया जा सके।

तेहरान के चौराहों पर गन ट्रेनिंग

Tehran के हफ्ते तिर स्क्वायर में विशेष गन बूथ बनाए गए हैं, जहां आम लोगों को हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है। समाचार एजेंसी Agence France-Presse (AFP) द्वारा जारी तस्वीरों में महिला सैन्यकर्मियों को महिलाओं को बंदूक चलाना सिखाते देखा गया।

वहीं बच्चों और पुरुषों के लिए अलग-अलग सैन्य प्रशिक्षक तैनात किए गए थे। कई वीडियो और तस्वीरों में छोटे बच्चों को भी हथियारों की बेसिक जानकारी दी जाती दिखाई दे रही है, जिससे यह अभियान और ज्यादा चर्चा में आ गया है।

3 करोड़ से ज्यादा लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन!

स्थानीय रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका और Israel के साथ जारी तनावपूर्ण हालात को देखते हुए अब तक 3 करोड़ 10 लाख से ज्यादा ईरानी नागरिक इस वॉलंटरी सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।

बताया जा रहा है कि टीवी एंकरों को दी जा रही ट्रेनिंग भी इसी बड़े अभियान का हिस्सा है, जिसके जरिए सरकार आम लोगों को किसी भी संभावित युद्ध की स्थिति के लिए तैयार करना चाहती है।

 सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

लाइव प्रसारण के दौरान UAE के झंडे पर गोली चलाने की घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कुछ लोगों ने इसे ईरान की “युद्ध तैयारी” का संकेत बताया, जबकि कई यूजर्स ने सरकारी टीवी पर दूसरे देश के राष्ट्रीय झंडे को निशाना बनाए जाने को बेहद भड़काऊ कदम करार दिया है।

हालांकि इस पूरे विवाद पर ईरान सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *