रायपुर। विष्णुदेव साय सरकार की संवेदनशील पहल के तहत पेंड्रा-गौरेला-मरवाही जिले के मरवाही विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत उषाड़ में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर दिव्यांगजनों के लिए राहत और नई उम्मीद लेकर आया।
सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में समाज कल्याण विभाग की सहायक उपकरण प्रदाय योजना के तहत छह दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण वितरित किए गए। व्हील चेयर, श्रवण यंत्र और छड़ी मिलने के बाद हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
ग्राम पंचायत कटरा निवासी 80 प्रतिशत अस्थि बाधित स्वरूप सिंह पोर्ते को व्हील चेयर प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि अब उन्हें आने-जाने और दैनिक कार्यों में काफी सुविधा होगी। स्वरूप सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उनका जीवन पहले से अधिक आसान हो जाएगा।
इसी तरह ग्राम उषाड़ की मंगली बाई और बेलझिरिया निवासी अकलू राम को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया गया। लंबे समय से सुनने में परेशानी के कारण दोनों को सामान्य बातचीत और सामाजिक गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। श्रवण यंत्र मिलने के बाद उन्होंने खुशी जताई।
वहीं उषाड़ की बैसाखिया बाई तथा बेलझिरिया के श्याम सुंदर और श्रीराम को चलने-फिरने में सहूलियत के लिए छड़ी प्रदान की गई।
ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार गांव स्तर पर योजनाओं का लाभ इतनी सहजता और पारदर्शिता के साथ मिल रहा है। प्रशासन की सक्रियता से जरूरतमंद लोगों तक मदद सीधे पहुंच रही है।
सुशासन तिहार के माध्यम से राज्य सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।