एम्सटर्डम | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार देर रात नीदरलैंड पहुंचे। उनका स्वागत एम्सटर्डम हवाईअड्डे पर एडजुटेंट-जनरल और महामहिम राजा के सैन्य परिवार के प्रमुख रियर एडमिरल लुडगर ब्रुमेलार, डच विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन , नीदरलैंड में भारत के राजदूत कुमार तुहिन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।
पीएम मोदी ने अपने आगमन पर सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मैं एम्सटर्डम पहुंचा हूं। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते ने व्यापार और निवेश संबंधों को काफी गति प्रदान की है।”
नीदरलैंड में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत भारतीय प्रवासी समुदाय और एनआरआई नागरिकों ने भी जोरों-शोरों से किया। यहाँ 90,000 से अधिक भारतीय मूल के लोग और 2,00,000 से अधिक सूरीनाम-हिंदुस्तानी समुदाय के सदस्य रहते हैं। हॉल में उपस्थित बच्चों, महिलाओं और प्रवासियों ने तिरंगे और पुष्पगुच्छ के साथ पीएम मोदी का अभिनंदन किया।
पीएम मोदी नीदरलैंड के राजा विलियम और रानी मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ ट्रेड, टेक्नोलॉजी, डिफेंस और एनर्जी जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के लिए बातचीत करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दौरा सेमीकंडक्टर, जल, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में भारत-नीदरलैंड संबंधों को गहरा करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों में नागरिक और प्रवासी भारतीय समुदाय की भी अहम भूमिका रही है।
पीएम मोदी के आगमन ने नीदरलैंड में भारतीय समुदाय में उत्साह और गर्व की भावना पैदा कर दी है, और यह दौरा भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को और मजबूती देने में सहायक साबित होने की उम्मीद है।