वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीतकर दिव्यांशु देवांगन ने बढ़ाया भारत का मान

रायपुर| रायगढ़ के युवा अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज दिव्यांशु देवांगन ने मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित जूनियर वर्ल्ड कप की 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ और देश में खुशी की लहर है।

दिव्यांशु की इस ऐतिहासिक सफलता पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने फोन पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सबसे सशक्त मार्ग है।

ओपी चौधरी ने कहा कि दिव्यांशु की उपलब्धि प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से वैश्विक मंच पर इतिहास रचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से ही युवा शक्ति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ा सकती है।

वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि दिव्यांशु भविष्य में भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।

स्वर्ण पदक विजेता दिव्यांशु देवांगन ने अपनी सफलता पर प्रदेशवासियों और सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों के स्नेह और लगातार मिल रहे प्रोत्साहन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने की प्रेरणा दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *