महराजगंज | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath आज दोपहर करीब 1 बजे महराजगंज जिले के नौतनवा विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास आयोजित कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां ₹208 करोड़ से अधिक लागत की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और टूलकिट भी वितरित करेंगे।
जानकारी के मुताबिक फरेंदा और नौतनवा विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास को नई रफ्तार मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में वे प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर चर्चा कर सकते हैं।
सीएम के दौरे को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल को कई सेक्टर और जोन में बांटा गया है। बड़ी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात की गई हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।