एनटीए का बचाव करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने नीट रि-एग्जाम की घोषणा की

नई दिल्ली | राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 का पेपर लीक होने के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी पुष्टि की और छात्रों के भविष्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को रेखांकित किया। उन्होंने घोषणा की कि अगले साल से नीट परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन आयोजित की जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने छात्रों पर कोई अनावश्यक बोझ न पड़े, इसके लिए परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “12 मई को हमें पता चला कि पेपर लीक हो गया है। हमने बड़ी जिम्मेदारी के साथ परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।”

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) का भी बचाव किया और कहा कि एजेंसी सुरक्षित हाथों में है और सैकड़ों परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित कर चुकी है। उन्होंने बताया कि रि-एग्जाम में सुधार भी किए गए हैं।

मुख्य सुधार और महत्वपूर्ण जानकारी:

  • नई परीक्षा तिथि: 21 जून 2026
  • परीक्षा समय: दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक
  • अतिरिक्त समय: 15 मिनट बढ़ाया गया
  • एडमिट कार्ड उपलब्ध: 14 जून तक
  • परीक्षा शुल्क: रद्द परीक्षा की फीस वापस, रि-एग्जाम के लिए शुल्क शून्य

धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में शिक्षा मंत्री के आवास पर आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में एनटीए के महानिदेशक, सीबीएसई अध्यक्ष, केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) और नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में मेडिकल प्रवेश परीक्षा के संचालन और सुधारों पर विस्तृत चर्चा हुई।

वहीं, नीट पेपर लीक के बाद केंद्र सरकार पर विपक्ष की आलोचना भी तेज हुई है। सुप्रीम कोर्ट में एनटीए को भंग करने और परीक्षा शीर्ष न्यायालय की निगरानी में कराने की याचिकाएं भी दायर की गई हैं।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने छात्रों और अभिभावकों को आश्वासन दिया कि रि-एग्जाम पूरी तरह से सुरक्षित, पारदर्शी और तनाव-मुक्त तरीके से आयोजित की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *