रायपुर । केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान ने आज लोकभवन में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
भेंट के दौरान दोनों नेताओं ने ग्रामीण विकास, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रदेश में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। राज्यपाल डेका ने केंद्रीय मंत्री के प्रयासों और ग्रामीण कल्याण के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री पासवान ने इस अवसर पर राज्य की विभिन्न ग्रामीण विकास परियोजनाओं की जानकारी साझा की और कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सतत विकास और रोजगार सृजन के लिए लगातार नई योजनाएं और सहायता उपलब्ध करवा रही है। राज्यपाल ने आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ प्रशासन इन पहलों को प्रभावी ढंग से लागू करने में पूरा सहयोग करेगा।
सौजन्य भेंट कार्यक्रम में राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के अलावा उच्च स्तरीय अधिकारी और विभागीय प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।