NEET-UG 2026 विवाद: FAIMA ने NTA हटाकर न्यायिक निगरानी में नई परीक्षा की मांग की

नई दिल्ली  |  NEET-UG 2026 पेपरलीक मामला अब सुप्रीम कोर्ट में पहुंच गया है। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) ने दायर याचिका में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को हटाकर एक नई स्वतंत्र संस्था के गठन की मांग की है। याचिका में यह भी कहा गया है कि परीक्षा की निगरानी न्यायिक निगरानी में की जाए और सीबीआई को चार हफ्ते में राज्यों से रिपोर्ट मांगी जाए।

FAIMA ने सुप्रीम कोर्ट से हाई लेवल कमेटी बनाने का भी अनुरोध किया है, जिसकी अध्यक्षता एक रिटायर जज करेंगे और इसमें साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट तथा फोरेंसिक साइंटिस्ट शामिल होंगे। याचिकाकर्ता का तर्क है कि NTA में सुधार या बदलाव करके एक नई, मजबूत और हाई-टेक संस्था बनाई जानी चाहिए।

याचिका में कहा गया है कि NEET-UG 2026 परीक्षा को डिजिटल रूप से लॉक करना अनिवार्य हो और पेपर लीक की संभावना को खत्म करने के लिए ऑफलाइन परीक्षा की बजाय कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) कराई जाए।

राजस्थान में परीक्षा रद्द, CBI जांच में जुटी
राजस्थान में पेपर लीक के बाद NTA ने परीक्षा रद्द कर दी थी। अब सीबीआई पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला कि परीक्षा का पेपर प्रिंटिंग से पहले ही लीक हो गया था। बायोलॉजी के 90 और केमिस्ट्री के 35 सवाल हूबहू लीक हुए।

मुख्य आरोपी शुभम नासिक से गिरफ्तार
CBI ने पेपरलीक के मुख्य आरोपी शुभम खैरनार (30) को नासिक से गिरफ्तार किया। शुभम ने कथित तौर पर 10 लाख रुपये देकर NEET प्रश्नपत्र खरीदे और फिर उन्हें अलग-अलग राज्यों में 15 लाख रुपये प्रति सेट के हिसाब से बेचा। शुभम नासिक में एक मेडिकल प्रवेश परामर्श केंद्र चलाता था और आयुर्वेद चिकित्सा एवं सर्जरी में स्नातक है।

5 राज्यों से जुड़े तार
जांच में NEET-UG 2026 पेपरलीक का कनेक्शन महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड और राजस्थान के कई शहरों से जुड़ा पाया गया है। इसमें नासिक, पुणे, लातूर, गुरुग्राम और सीकर शामिल हैं। गुरुग्राम के एक डॉक्टर और जयपुर के दो भाइयों ने कथित तौर पर 30 लाख में पेपर खरीदा और सीकर समेत अन्य जगह छात्रों तक पहुंचाया। देहरादून से आरोपी राकेश मंडवारिया पर 700 छात्रों तक पेपर पहुंचाने का आरोप है।

सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका के बाद अब यह देखना बाकी है कि NEET-UG 2026 परीक्षा को फिर से आयोजित करने और सुरक्षा प्रणाली सुधारने के लिए क्या निर्णय लिया जाता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *