नई दिल्ली | देशभर में चर्चा का विषय बने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में महाराष्ट्र के नासिक जिले का नाम सामने आने से हड़कंप मच गया है। इस मामले में नासिक जिले के नांदगांव निवासी शुभम खैरनार (30) को पुलिस और बाद में सीबीआई ने हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, केरल में MBBS का छात्र अपने पिता को परीक्षा से कुछ घंटे पहले एक गेस पेपर का PDF भेजा था। शुभम के पिता, डॉ. मधुकर खैरनार, सीकर में कोचिंग छात्रों के लिए हॉस्टल चलाते हैं। इस घटना के बाद पूरे NEET पेपर लीक मामले का खुलासा हुआ।
नासिक पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा ने राजस्थान पुलिस के अनुरोध पर शुभम को हिरासत में लिया। पुलिस उपायुक्त किरणकुमार चौहान ने बताया कि उसे नासिक के इंदिरा नगर इलाके से पकड़ा गया और अब उससे पूछताछ की जा रही है। इसके बाद सीबीआई ने मंगलवार शाम उसे हिरासत में लिया।
इस मामले में शुभम के पिता डॉ. मधुकर खैरनार ने मीडिया के सामने आकर अपने बेटे का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उनका बेटा पिछले छह महीनों से नासिक में BAMS प्रैक्टिस कर रहा है और उसका इस पेपर लीक मामले से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया, “हम हर महीने उसे खर्च के लिए पैसे भेजते हैं। अगर पेपर लीक हुआ है तो आरोप लगना स्वाभाविक है, लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि मेरा बेटा निर्दोष साबित होगा।”
पुलिस ने यह भी संकेत दिया कि कथित प्रश्नपत्र लीक का संबंध मध्य महाराष्ट्र के लातूर से भी हो सकता है, जहां परीक्षा में शामिल हुए एक छात्र के अभिभावक ने शिकायत दर्ज कराई थी।