बोर्ड परीक्षा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, केंद्र अध्यक्ष समेत 5 कर्मचारी निलंबित

महासमुंद | बोर्ड परीक्षा के दौरान एग्जाम हॉल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम स्कूल (SAGES) परीक्षा केंद्र में गंभीर लापरवाही और अनियमितता पाए जाने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष और पर्यवेक्षक समेत कुल 5 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?
महासमुंद जिले के परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 में बोर्ड परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी में गंभीर चूक हुई। नियमों की अवहेलना करते हुए एक छात्रा ने परीक्षा कक्ष में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस (डिजिटल कैमरा) लेकर प्रवेश किया। छात्रा ने परीक्षा का वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग किया और इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस घटना से शिक्षा विभाग की छवि धूमिल हुई है।

जांच में खुली पोल
जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) महासमुंद की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि परीक्षा केंद्र पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों का घोर उल्लंघन किया। लोक शिक्षण संचालनालय ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के तहत गंभीर कदाचार माना।

निलंबित कर्मचारी

  • गंगा प्रसाद पटेल – व्याख्याता (केंद्र अध्यक्ष)
  • अनिरूद्ध भोई – व्याख्याता (सहायक केंद्र अध्यक्ष)
  • दिनेश कुमार दास – व्याख्याता (सहायक केंद्र अध्यक्ष)
  • दुर्गाप्रसाद पटेल – सहायक शिक्षक एल.बी. (पर्यवेक्षक)
  • विजिया बुड़ेक – नियमित भृत्य

आदेश और अगली कार्रवाई
निलंबन अवधि के दौरान सभी पांचों लोक सेवकों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, महासमुंद निर्धारित किया गया है। निलंबन काल में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। विभाग ने DEO को निर्देश दिया है कि 7 दिनों के भीतर आरोप पत्र का प्रारूप संचालनालय को उपलब्ध कराया जाए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *