रायपुर | आईपीएल 2026 में क्रिकेट फैंस के लिए कल का मुकाबला बेहद खास होने वाला है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होगा। इस मैच को लेकर राजधानी रायपुर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
यह मुकाबला इसलिए भी ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि KKR की टीम पूरे 13 साल बाद रायपुर के मैदान पर खेलने उतरेगी। इससे पहले कोलकाता ने यहां 1 मई 2013 को दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के खिलाफ मुकाबला खेला था, जिसमें उसे 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। उस समय टीम की कप्तानी गौतम गंभीर कर रहे थे।
अब 2026 में KKR की कमान अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के हाथों में है। दिलचस्प बात यह है कि 2013 में टीम को लीड करने वाले गौतम गंभीर अब भारतीय टीम के हेड कोच की भूमिका में हैं।
अगर 2013 और 2026 की टीमों की तुलना करें तो KKR का चेहरा पूरी तरह बदल चुका है। 13 साल पहले के स्क्वाड से केवल सुनील नरेन ही ऐसे खिलाड़ी हैं जो तब भी टीम का हिस्सा थे और अब भी मैदान पर नजर आएंगे। उस दौर के स्टार खिलाड़ी जैक्स कैलिस, ब्रेट ली, यूसुफ पठान और इयोन मोर्गन अब क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। उनकी जगह अब रिंकू सिंह, अंगक्रिश रघुवंशी, कैमरून ग्रीन और मथीशा पथिराना जैसे नए सितारों ने ले ली है।
RCB ने हाल ही में इसी मैदान पर मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हराकर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत की थी। ऐसे में घरेलू माहौल का फायदा उठाकर बेंगलुरु एक और जीत दर्ज करना चाहेगी, जबकि KKR 13 साल बाद रायपुर में यादगार वापसी की कोशिश करेगी।