प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से चमकी जयलाल वर्मा के घर की रोशनी, 3 किलोवाट सोलर प्लांट से मिलेगी 300 यूनिट मुफ्त बिजली

खैरागढ़ | छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम राहूद निवासी जयलाल वर्मा ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में प्रेरणादायक पहल की है। जयलाल वर्मा उन जागरूक उपभोक्ताओं में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाकर बिजली बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

जयलाल वर्मा के घर की मासिक बिजली खपत लगभग 400 यूनिट है। सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद अब उन्हें योजना के तहत 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा। इससे उनके बिजली बिल में बड़ी कमी आएगी और भविष्य में आर्थिक बचत भी सुनिश्चित होगी।

इस सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थापना पर शासन द्वारा उन्हें ₹1 लाख 8 हजार की सब्सिडी स्वीकृत हुई है, जिससे प्लांट लगाने की लागत काफी कम हो गई। इससे आम उपभोक्ताओं के लिए सौर ऊर्जा अपनाना आसान और किफायती बन रहा है।

जयलाल वर्मा ने बताया कि योजना की पूरी प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही। उन्होंने कहा कि सोलर सिस्टम लगने के बाद वे गांव के अन्य लोगों को भी प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। बिजली विभाग (CSPDCL) द्वारा नेट-मीटरिंग प्रक्रिया पूर्ण होते ही उन्हें मुफ्त बिजली का सीधा लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

सौर ऊर्जा अपनाकर जयलाल वर्मा ने न केवल अपने परिवार के लिए आर्थिक राहत का मार्ग प्रशस्त किया है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *