2.21 लाख की फर्जी चोरी का खुलासा: कर्ज से बचने युवक ने खुद रची थी साजिश

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में 2 लाख 21 हजार रुपये की कथित चोरी का मामला कुछ ही घंटों में फर्जी निकला। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि शिकायतकर्ता ने लेनदारों से छुटकारा पाने के लिए अपने ही घर में चोरी की झूठी कहानी रची थी। मामला बिर्रा थाना क्षेत्र के बनडभरा गांव का है।

खेत बेचकर घर में रखे थे पैसे

गांव निवासी नरेश भरद्वाज ने 9 मई को बिर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने 8 मई को अपना खेत 2 लाख 21 हजार रुपये में बेचा था। रकम को घर की अलमारी में रखने के बाद वह आंगन में सो गया। सुबह उठने पर अलमारी गायब मिली, जिसे बाद में पास के खेत में टूटी हुई हालत में पाया गया। नरेश ने आरोप लगाया कि अज्ञात चोर अलमारी से नकदी लेकर फरार हो गए।

पुलिस को बयान पर हुआ शक

शिकायत दर्ज होने के बाद नरेश लगातार थाने आने और फोन उठाने से बचता रहा। इससे पुलिस को उस पर शक हुआ। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और नरेश से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में उसने पूरी साजिश कबूल कर ली।

लेनदारों से बचने रची थी कहानी

नरेश ने बताया कि उसने गांव के कुछ लोगों से उधार लिया था। कर्ज लौटाने से बचने के लिए उसने चोरी की झूठी कहानी बनाई। उसने खुद अलमारी को घर से दूर ले जाकर क्षतिग्रस्त किया और नकदी निकालकर घर की छत पर छिपा दी।

पुलिस ने बरामद की पूरी रकम

पुलिस ने छत पर छिपाई गई पूरी 2.21 लाख रुपये की रकम बरामद कर ली है। फिलहाल रकम नरेश भरद्वाज को सुपुर्द कर दी गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *