बलौदाबाजार |भारत सरकार जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार जनगणना 2026 का प्रथम चरण बलौदाबाजार जिले में 1 मई से शुरू हो गया है। इस चरण में मकान सूचीकरण और गणना कार्य किया जा रहा है। प्रगणक घर-घर जाकर डिजिटल गणना कर रहे हैं और सभी आवश्यक जानकारी सीधे मोबाइल उपकरणों के माध्यम से दर्ज की जा रही है।
शनिवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम मुण्डा में प्रगणकों द्वारा किए जा रहे मकान गणना कार्य का अवलोकन किया और स्वयं मोबाइल लेकर मकान मालिक के घर पहुंचकर डिजिटल गणना पूरी की। कलेक्टर ने मकान मालिक कार्तिक राम साहु को बताया कि जनगणना पूरी तरह गोपनीय है और प्रगणकों को दी जाने वाली जानकारी सुरक्षित रखी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आधार कार्ड, पैन कार्ड या कोई OTP देने की आवश्यकता नहीं है।
प्रगणकों ने कलेक्टर को बताया कि उनके एचएलबी में अब तक 348 मकानों की गणना पूरी हो चुकी है।
इसके अलावा कलेक्टर ने बलौदाबाजार के वार्ड 19 स्थित कान्हा विहार में प्रगणकों द्वारा किए जा रहे गणना कार्य का भी निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने मकान मालिक चंद्रशेखर वर्मा और बिजय सराफ के घरों में डिजिटल गणना प्रक्रिया का जायजा लिया। प्रगणकों ने बताया कि अब तक 148 मकानों की गणना सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणकों को पूरी जानकारी दें ताकि जनगणना प्रक्रिया समय पर और सटीक रूप से पूरी हो