रायगढ़। जिले में 31 जनवरी 2025 को शासकीय पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कई प्रतिबंध लगाए गए थे। लगातार तीन महीने तक निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद अब जिला प्रशासन ने सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं। बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन ने संक्रमण रोकने के लिए कठोर कदम उठाए।
भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार, कलेक्टर ने फॉर्म के 1 किलोमीटर के दायरे को इन्फेक्टेड ज़ोन और 1 से 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलेंस ज़ोन घोषित किया था। इन क्षेत्रों में पोल्ट्री उत्पादों की खरीदी-बिक्री पर पूर्णतः रोक लगा दी गई थी। संक्रमण पर नियंत्रण पाने के लिए इस अवधि में नियमित रूप से नमूने लेकर जांच कराई गई।
पिछले तीन महीनों में लिए गए सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट बर्ड फ्लू के लिए निगेटिव आई है। साथ ही, इस दौरान कहीं भी बर्ड फ्लू का कोई नया मामला सामने नहीं आया। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, 30 जुलाई 2025 को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने इन्फेक्टेड और सर्विलेंस ज़ोन में लगाए गए सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं। पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री पर से भी प्रतिबंध हटा लिया गया है।