इंसानियत शर्मसार: अपार्टमेंट की सीढ़ियों पर रोता मिला 1 दिन का मासूम

अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. अमराईवाड़ी इलाके में एक नवजात शिशु को कोई अज्ञात अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर छोड़कर चला गया. पहली मंजिल की सीढ़ियों पर बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने इसकी सूचना फ़ौरन पुलिस को दी. 15 दिन के भीतर बच्चे को छोड़ने का यह दूसरा मामला है. अपार्टमेंट की सीढ़ी पर लावारिस हालत में नवजात के मिलने की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची महालक्ष्मी नगर थाने की पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना अमराईवाड़ी क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर स्थित एक अपार्टमेंट की है.
अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर गणपति की प्रतिमा के सामने एक नवजात बच्चा रो रहा था. बच्चे के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय महिलाएं वहां पहुंच गईं. बाद में महिलाओं ने आसपास के लोगों को सूचित किया. स्थानीय समाजसेवी हर्षद पटेल ने पुलिस को सूचित किया. हर्षद पटेल के अनुसार, बच्चे की आयु एक दिन होने का अनुमान है. उसका उपचार एलजी अस्पताल में चल रहा है. पुलिस टीम ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कौन बच्चे को छोड़कर चला गया.
बता दें कि अभी कुछ ही दिन पहले शहर के वेजलपुर स्थित श्रीनंदनगर अपार्टमेंट की सीढ़ियों पर भी एक बच्चा मिला था. हालांकि, स्थानीय महिलाओं ने बच्चे को छोड़कर भागती महिला को पकड़ लिया था. महिला ने तब खुलासा किया कि नवजात शिशु उसका था और जब वह कुंवारी मां बन गई तो उसने बच्चे को छोड़ने का फैसला लिया था. गांधीनगर के पेथापुर स्थित गौशाला में भी 8 अक्टूबर को 10 माह का बच्चा मिला था.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *