दुर्ग। जिले में कोरोना के नए संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला निरंतर जारी है। सोमवार को 457 नए मरीज मिले हैं। इसी के साथ ही जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 2122 तक पहुंच गई है।
राहत की बात यह है कि मिले मरीजों में से अब तक सिर्फ चार को ही इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है। शेष मरीज होम आइसोलेशन पर है।
जिला स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को जिले में कुल 3607 लोगों की कोरोना जांच की गई। जिसमें 457 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इस लिहाज से जिले में कोरोना संक्रमण की दर सोमवार को 12 फीसद रही। पिछले चार दिनों से कोरोना संक्रमण की दर 10 फीसद से अधिक बना हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग के लिए राहत की बात यह है कि नए मरीजों में से किसी भी स्थिति गंभीर नहीं है। मरीज होम आइसोलेशन पर ही रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं। सीएमएचओ डा. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि अब तक सिर्फ चार मरीजों को ही इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है।
कोरोना का विस्तार अब शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी हो रहा है। अभी भी भिलाई,रिसाली और दुर्ग क्षेत्र में कोरोना के सर्वाधिक नए संक्रमित मरीज मिल रहे हैं।
निजी अस्पतालों को भी दी जाएगी अनुमति
जिले में कोरोना संक्रमण की बढ़ती स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले को लेकर सोमवार देर रात कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली।