राहुल गांधी की पदयात्रा में सीएम बघेल के साथ छत्‍तीसगढ़ के कांग्रेस विधायक समेत शामिल होंगे 324 यात्री

रायपुर।  कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा में छत्तीसगढ़ की सात नदियों का पानी लेकर कांग्रेस नेता जाएंगे। इसमें प्रदेश के 324 पदयात्री शामिल होंगे। प्रदेश महामंत्री संगठन अमरजीत चावला ने बताया कि अरपा, पैरी, सोंढूर, हसदेव, शिवनाथ, इंद्रावती और महानदी का जल और कलश में यहां की मिट्टी लेकर जाएंगे। यात्रा मार्ग पर इस मिट्टी और जल का उपयोग कर राहुल गांधी भारत जोड़ो संकल्प के साथ पौधरोपण करेंगे। ऐसा पूरे यात्रा मार्ग पर जगह-जगह किया जा रहा है। जिन प्रदेशों से पदयात्रा नहीं गुजर रही है, वहां की मिट्टी-पानी से पौधे रोपे जा रहे हैं।

पदयात्रा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित पूरी सरकार, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पहले यात्रा में 250 लोगों को शामिल करने का निर्देश था, लेकिन पदयात्रा में छत्तीसगढ़ में संयोजक टीएस सिंहदेव की पहल पर प्रदेश में 324 कांग्रेसियों की सूची को कांग्रेस मुख्यालय से स्वीकृति मिल गई है। छत्तीसगढ़ के पदयात्रियों का जत्था 26 और 27 नवंबर को खंडवा जिले के मोरटक्का से इंदौर तक की पदयात्रा करेगा। पहले यह पदयात्रा खरगोन जिले के खेरदा गांव से शुरू होनी थी। यात्रा के लिए छत्तीसगढ़ को 26, 27 और 28 नवंबर का दिन मिला था। अब इंदौर पहुंचने के बाद 28 नवंबर को यात्रा से एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है। इसकी वजह से यात्रा में छत्तीसगढ़ का समय कम हुआ है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *