रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें सम्मानजनक, आत्मनिर्भर और सुरक्षित जीवन प्रदान करना है। योजना की 30वीं किस्त जारी होने के साथ ही प्रदेश की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में 1,000 की मासिक सहायता राशि पहुंचाई गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माताएं और बहनें जब आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं तो परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होती है, बच्चों का भविष्य सुरक्षित होता है और समाज विकास की दिशा में आगे बढ़ता है। इसी वजह से मातृशक्ति का सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
30 किस्तों में 19,444 करोड़ से अधिक का भुगतान
महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को पूरे छत्तीसगढ़ में की गई थी। 30वीं किस्त के भुगतान के बाद योजना के तहत अब तक 19,444 करोड़ 33 लाख से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना केवल हर महीने 1,000 की आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और सामाजिक भागीदारी को मजबूत करने का माध्यम बन रही है।
शिक्षा से स्वरोजगार तक महिलाओं को मिल रहा लाभ
सरकार के अनुसार, कई महिलाएं योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग अपने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर कर रही हैं। कुछ महिलाएं अपनी बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश कर रही हैं।
वहीं, अनेक महिलाओं ने इस आर्थिक सहायता का उपयोग सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, डेयरी, किराना दुकान, सब्जी विक्रय, पशुपालन और अगरबत्ती निर्माण जैसे छोटे व्यवसाय शुरू करने में किया है। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिल रही है।
डीबीटी से बढ़ी पारदर्शिता
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। महतारी वंदन योजना में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है और महिलाओं का शासन एवं प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
महिला सशक्तिकरण को विकास का आधार
राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास, स्वरोजगार और वित्तीय समावेशन के माध्यम से महिलाओं के सर्वांगीण विकास पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण समावेशी विकास की मजबूत आधारशिला है।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। सरकार का मानना है कि सशक्त महिलाएं ही मजबूत परिवार और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला बनेंगी।