बिलासपुर | भगवान विश्वकर्मा जयंती और देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के मुख्यालय बिलासपुर में द्वितीय ‘एसईसीएल विश्वकर्मा अवार्ड्स’ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर कंपनी की खदानों और परिचालन गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 75 श्रमवीरों को सम्मानित किया गया।
श्रमवीरों के समर्पण को किया गया नमन
समारोह के दौरान खदानों में ऑपरेशन, मेंटेनेंस, सुपरवाइजरी और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 75 नियमित एवं संविदा कर्मियों को उनके श्रम, कार्यकुशलता और अटूट समर्पण के लिए प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास ने इस अवसर पर कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और कर्म के प्रतीक हैं। खनन उद्योग में कार्यरत हमारे श्रमवीर अपने कठिन परिश्रम के बल पर राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस और विश्वकर्मा जयंती पर इन कर्मियों का सम्मान वास्तव में उनके अतुलनीय योगदान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करना है।

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री का संदेश वाचन
कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी द्वारा कोयला श्रमिकों के लिए भेजे गए विशेष संदेश का पाठ किया गया। संदेश में देश के विकास और ऊर्जा क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करने में कोयला श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका और उनके राष्ट्र निर्माण के जज्बे की सराहना की गई।
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता कर्मियों का सम्मान
कार्यक्रम में ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं ‘स्पेशल कैम्पेन 6.0’ के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए कार्यस्थल को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखने में अहम योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान एसईसीएल मुख्यालय और विभिन्न संचालन क्षेत्रों में स्वच्छता को दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने, रिकॉर्ड प्रबंधन, ई-वेस्ट के प्रभावी निष्पादन और लंबित मामलों के निपटारे जैसी गतिविधियों पर जोर दिया गया।
इस गरिमामयी आयोजन में निदेशक (तकनीकी) संचालन श्री रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी) योजना/परियोजना (अति. प्र.) श्री नृपेंद्र नाथ सहित संचालन समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति, विभिन्न श्रमसंघों और एसोसिएशनों के प्रतिनिधि, विभागाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।