राजनांदगांव । राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम में 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने किया। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 9 से 13 अगस्त 2026 तक चलेगी। इसमें अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजनांदगांव में प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, कराटे और कुश्ती सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। शहर को खेल नगरी के रूप में और अधिक विकसित करने के लिए खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार मैदान, कोर्ट, प्रशिक्षण सुविधाएं और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
‘खेलों की राजधानी’ बन रहा राजनांदगांव: अरुण साव
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि राजनांदगांव संस्कारधानी के साथ-साथ अब खेलों की राजधानी के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि जिले में अनेक ऐसी खेल प्रतिभाएं हैं, जो प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संदेश “जो खेलेगा, वही खिलेगा” को आत्मसात करते हुए पूरी लगन और मेहनत से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की सुविधाओं के विकास के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से अधोसंरचना विकास से संबंधित प्रस्ताव मिलने पर आवश्यकतानुसार बजट का प्रावधान करने पर विचार किया जाएगा।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने की जरूरत
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजनांदगांव में वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभाएं लगातार सामने आ रही हैं।
उन्होंने दिग्विजय स्टेडियम परिसर में उपलब्ध भवन एवं अन्य संसाधनों का खिलाड़ियों के हित में बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जानी चाहिए, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष श्री विक्रम सिंह सिसोदिया, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री रमेश पटेल, श्री राजेश श्यामकर, श्री योगेश बागड़ी और जिला पंचायत सीईओ श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारी, कोच, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।