मुंबई। बॉलीवुड की चर्चित जोड़ी अक्षय कुमार और रवीना टंडन एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है। दोनों की अपकमिंग फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अक्षय कुमार ने रवीना टंडन के साथ काम करने के पुराने अनुभव साझा किए, जिसका एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान अक्षय से पूछा गया कि इतने सालों में रवीना टंडन में क्या बदलाव आया है। इस पर अक्षय ने मजेदार अंदाज में कहा कि रवीना आज भी उतनी ही प्रोफेशनल हैं।
अक्षय ने पुराना किस्सा याद करते हुए बताया कि एक शूटिंग के दौरान सूरज ढलने वाला था और उनके पास सिर्फ 25-30 मिनट का समय था। रवीना को कपड़े बदलकर तुरंत सेट पर आना था, लेकिन ग्रीन रूम काफी दूर था। इसके बावजूद रवीना ने जेनरेटर वैन में जाकर जल्दी से कपड़े बदले और समय पर शूट के लिए पहुंच गईं।
अक्षय ने कहा, “वो आज भी काफी प्रोफेशनल हैं। उनमें ज्यादा कुछ नहीं बदला है। बस एक चीज बदली है कि पहले वो हीरोइन थीं, अब वो हीरोइन की मां हैं।” अक्षय के इस मजाकिया अंदाज वाले बयान को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
लंबे समय बाद साथ दिखेगी अक्षय-रवीना की जोड़ी
फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार और रवीना टंडन करीब 24 साल बाद स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। इससे पहले दोनों को साल 2004 में आई फिल्म ‘पुलिस फोर्स: एन इनसाइड स्टोरी’ में साथ देखा गया था।
90 के दशक में अक्षय और रवीना की जोड़ी बॉलीवुड की चर्चित जोड़ियों में गिनी जाती थी। अब इतने लंबे अंतराल के बाद दोनों को फिर साथ देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं।