रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में अवैध रेत खनन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। खनिज विभाग की टीम प्रदेशभर में निगरानी अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने में जुटी है।
इसी कड़ी में केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने 21 जून की रात खनन क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने जिला एमसीबी के केल्हारी तहसील अंतर्गत दंडाहस्वाही स्थित केवाई नदी, पसौरी, कुटरा और हसदेव नदी क्षेत्र में जांच की।
ड्रोन सर्वे से की गई रेत भंडारण की जांच
निरीक्षण के दौरान स्वीकृत दो अस्थायी रेत भंडारण स्थलों की जांच की गई। मौके पर मौजूद रेत की मात्रा का आकलन हाईटेक ड्रोन सर्वे के माध्यम से किया गया।
जांच में भंडारण अनुज्ञा की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित रेत भंडारणकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अवैध गतिविधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रदेश में अवैध खनन के लिए कोई जगह नहीं है। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ खनिज संपदा का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
संवेदनशील क्षेत्रों पर बढ़ाई निगरानी
खनिज सचिव पी. दयानंद ने अधिकारियों को पहुंच-विहीन और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत संभावित अवैध रेत खनन क्षेत्रों की पहचान कर ड्रोन सर्वे से मॉनिटरिंग की जा रही है।