लाउडस्पीकर पर योगी सरकार की सख्ती, नोएडा में 602 मंदिरों-265 मस्जिदों को पुलिस का नोटिस

लखनऊ: लाउडस्पीकर पर जारी विवाद और सीएम योगी के आदेश के बाद नोएडा में 602 मंदिरों और 265 मस्जिदों को यूपी पुलिस ने नोटिस भेजा है. पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह के आदेश के बाद पुलिस अधिकारियों ने मंदिरों, मस्जिदों का दौरा किया. बता दें कि पुलिस कमिश्नर की तरफ से मंगलवार को जारी किए गए निर्देश में उन्होंने लाउडस्पीकरों के इस्तेमाल को लेकर जारी निर्देशों का पालन हर हाल में करने के लिए कहा है.

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने कार्रवाई करते हुए 621 मंदिरों में से 602 मंदिरों, 268 में से 265 मस्जिदों और 16 अन्य धार्मिक स्थलों के धर्मगुरु और कमेटी को नोटिस भेजा है. साथ ही नोटिस में चेतावनी भी दी गई है कि उच्च न्यायालय के ध्वनि संबंधित निर्देशों का पालन किया जाए. अगर तेज आवाज में लाउडस्पीकर या डीजे बजाया गया, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नोएडा पुलिस ने 217 बरात घरों, 182 में से 175 डीजे संचालकों को भी नोटिस जारी करते हुए तेज आवाज में म्यूजिक ना चलाने के आदेश दिए हैं और कहा है कि जिस भी परिसर में म्यूजिक बज रहा है उससे बाहर आवाज नहीं जानी चाहिए.

बता दें कि, नोएडा में अब धार्मिक जुलूस या शोभायात्रा निकालने से पहले हलफनामा भी देना होगा. जिसमें आयोजक यह स्पष्ट करेंगे कि कार्यक्रम में भड़काऊ भाषण या उग्र प्रदर्शन नहीं होगा और यदि ऐसा होता है तो उनके खिलाफ नियमानुसार केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *