बिलासपुर। झाड़-फूंक और अंधविश्वास के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। दो साल पहले सीपत थाना क्षेत्र के कुकदा गांव में एक दंपत्ति ने घर मालिक को नींबू गड़ाने भेजकर पेटी से 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए थे। इस मामले में पुलिस ने अब एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के अनुसार, झाड़-फूंक के लिए बुलाए गए जनकराम सौंरा और उसकी पत्नी झुनिया बाई ने घर के सदस्यों को आंगन में नींबू गड़ाने के बहाने बाहर भेजा। इसी दौरान उन्होंने पेटी में रखे नकद और जेवरों पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी करने के बाद, दंपत्ति ने परिवार के सदस्यों को झांसा दिया। उसमे ताला लगवाया, कहा सुबह तक पेटी न खोलें और कमरे में दिया जलाकर रखें। इस वजह से चोरी का पता घर वालों को अगले दिन चला, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। यदि परिवार रात में ही पेटी खोलता तो चोरी का पता तुरंत चल जाता। बजरंग चौक कुकदा निवासी मनीषा कानगो ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 8 दिसंबर 2023 की रात 11 बजकर 45 मिनट पर ग्राम जाली (रतनपुर) निवासी जनकराम सौंरा और उसकी पत्नी झुनिया बाई ने झाड़-फूंक के बहाने 50 हजार रुपये नकद, लगभग 40 ग्राम चांदी का पायल, एक तोला बिछिया, एक-एक मासा की दो सोने की फुली और आधा-आधा तोला की दो चांदी की अंगूठियां चुरा ली थीं।